हिमाचल प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस में इस सीट के लिए संभावित प्रत्याशी चयन को लेकर मंथन पहले ही शुरू हो चुका है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से इस मामले पर अहम चर्चा की।
सूत्रों ने यह भी बताया कि पिछली बार पार्टी के प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी को पर्याप्त बहुमत होने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा था। इसी कारण इस बार पार्टी जोखिम नहीं लेना चाहती और प्रत्याशी चयन में बेहद सतर्कता बरत रही है।
संभावित उम्मीदवारों की सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, कांग्रेस प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं। विश्लेषकों का कहना है कि कांग्रेस इस बार अनुभव और संतुलन दोनों को ध्यान में रखते हुए राज्यसभा चुनाव में मजबूत दावेदारी पेश करना चाहती है।
