असम में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व में चार विपक्षी दलों का गठबंधन लगभग तय माना जा रहा है। इन दलों ने मिलकर साझा प्रचार अभियान चलाने का ऐलान भी कर दिया है, हालांकि सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत अभी जारी है।
शुक्रवार को राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने प्रेस वार्ता में इस गठबंधन की जानकारी दी। इस दौरान सीपीआई (एम) के प्रदेश सचिव सुप्रकाश तालुकदार, असम जातीय परिषद के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख जोन्स इंगती कथार भी मौजूद रहे।
नेताओं ने बताया कि आगामी चुनाव में भाजपा के खिलाफ मजबूत मुकाबला करने के लिए विपक्षी दल एकजुट होने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में अखिल गोगोई के नेतृत्व वाले रायजोर दल समेत कुछ अन्य पार्टियों से भी बातचीत जारी है।
गौरव गोगोई ने कहा कि गठबंधन का मुख्य उद्देश्य राज्य में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना है। वहीं, सीट बंटवारे को लेकर सभी दलों के बीच सकारात्मक बातचीत चल रही है और जल्द ही इस पर अंतिम फैसला होने की उम्मीद है।
असम की राजनीति में यह गठबंधन आगामी चुनाव में बड़ा असर डाल सकता है
