रायबरेली दौरे पर आएंगे राहुल गांधी, दिशा समिति की बैठक में करेंगे योजनाओं की समीक्षा

रायबरेली, 11 मार्च।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी 12 मार्च को एक दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बचत भवन में आयोजित अनुश्रवण समिति ‘दिशा’ की बैठक में शामिल होंगे।

इस बैठक में राहुल गांधी केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। बैठक के दौरान वे संबंधित विभागों के अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों तक पहुंच और जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं को लेकर चर्चा करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, दिशा समिति की बैठक में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।

बैठक समाप्त होने के बाद राहुल गांधी के संसदीय आवास भूएमऊ गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करने की संभावना है। उनका यह दौरा एक दिवसीय कार्यक्रम के रूप में प्रस्तावित है।

गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली से जीत दर्ज करने के बाद राहुल गांधी का यह सातवां दौरा होगा। पिछले दो वर्षों के दौरान वे लगातार क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय मुद्दों और विकास कार्यों की समीक्षा करते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *