इंदौर। नेता विपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर इंदौर में सियासी हलचल तेज हो गई है। कार्यक्रम में युवाओं और विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस के मुताबिक, 8 सितंबर तक कार्यक्रम के लिए 1 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।
कार्यक्रम से पहले कांग्रेस और NSUI ने छात्रों के बीच जनसंपर्क अभियान भी तेज कर दिया है। हालांकि, कार्यक्रम के आयोजन स्थल को लेकर अभी अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं है।
कार्यक्रम स्थल को लेकर असमंजस
कांग्रेस ने पहले राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम में आयोजन की तैयारी की थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद पार्टी ने वैकल्पिक स्थान तलाशना शुरू किया।
अब कांग्रेस ने रीजनल पार्क के सामने स्थित आईडीए के मैदान में कार्यक्रम कराने की तैयारी की है। इसके लिए पार्टी की ओर से रविवार को इंदौर कलेक्टर से अनुमति मांगी गई है। साथ ही जीएससीसी के पीछे खाली मैदान और खंडवा रोड स्थित यूनिवर्सिटी कैंपस के ग्राउंड*के लिए भी अनुमति आवेदन दिया गया है।
ऐसे में कार्यक्रम के लिए प्रशासन किस स्थान को मंजूरी देता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
छात्रों के बीच पहुंच रही कांग्रेस
राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने युवाओं और विद्यार्थियों के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। इस बार पार्टी का फोकस बड़ी सभाओं के बजाय सीधे छात्रों से संवाद करने पर है।
कांग्रेस और NSUI के नेता कोचिंग सेंटर, कॉलेज, लाइब्रेरी और कैफे में पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात कर रहे हैं। इस दौरान छात्रों से संवाद करने के साथ उन्हें 19 सितंबर के कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया जा रहा है।
NSUI ने इंदौर को 32 जोन में बांटा
अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए NSUI ने इंदौर को 32 जोन में बांटा है। प्रत्येक जोन में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रदेश के दूसरे जिलों से भी NSUI के पदाधिकारियों को इंदौर बुलाकर अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। वहीं, युवा कांग्रेस भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
1 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन पर कांग्रेस उत्साहित
कांग्रेस के अनुसार, 8 सितंबर तक 1 लाख से ज्यादा छात्र-युवाओं ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन के बाद पार्टी कार्यक्रम को लेकर उत्साहित है और ज्यादा से ज्यादा युवाओं तक पहुंच बनाने में जुटी है।
