पहाड़ों की शांत वादियों में जब प्रकृति का प्रकोप बरपता है, तो केवल घरों की दीवारें ही नहीं टूटतीं- सपने, यादें और वर्षों की मेहनत भी मलबे में दब जाती है। हाल ही में आई भीषण आपदा ने हिमाचल प्रदेश के हजारों परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया। कई घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए, तो कई आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए। सैकड़ों परिवारों को अपना आशियाना छोड़कर अस्थायी ठिकानों में शरण लेनी पड़ी।
ऐसे कठिन समय में हिमाचल सरकार ने राहत का हाथ बढ़ाते हुए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा प्रभावित परिवारों के लिए किराया सहायता हेतु 8.97 करोड़ रुपये तथा घरों के पुनर्निर्माण के लिए 141.61 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की है। जो प्रभावित परिवार शहरी क्षेत्रों में किराए के मकान में रह रहे थे, उन्हें 10,000 रुपये प्रति माह की किराया सहायता दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को 5,000 रुपये प्रति माह किराया सहायता प्रदान की जा रही है।
इस सहायता से ग्रामीण क्षेत्रों के 2,817 परिवार और शहरी क्षेत्रों के 88 परिवार सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।
