पणजी/नई दिल्ली। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने गोवा में संगठनात्मक बदलाव करते हुए चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने वरिष्ठ नेता गिरीश चौडनकर को गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (GPCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी ने यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी है।
गिरीश चौडनकर इससे पहले भी गोवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके अनुभव का लाभ आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को मिलेगा।
संगठन को और मजबूत बनाने के लिए कांग्रेस ने तीन कार्यकारी अध्यक्षों की भी नियुक्ति की है। इनमें एम.के. शेख, अल्टोन डी’कोस्टा और एडवोकेट कार्लोस अल्वारेस फरेरा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं दत्ता डी. नाइक को प्रदेश कांग्रेस का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा पार्टी ने चुनावी रणनीति को धार देने के लिए विभिन्न समितियों का भी गठन किया है। यूरी अलेमाओ को अभियान समिति का अध्यक्ष, कैप्टन विरियाटो फर्नांडीस को घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष तथा फ्रांसिस्को सार्डिन्हा और सुनील कावथांकर को समन्वय समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि नए संगठनात्मक ढांचे के जरिए गोवा में पार्टी को मजबूत किया जाएगा और अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को कड़ी चुनौती दी जाएगी। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह बदलाव कांग्रेस की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
