पंजाब कांग्रेस राज्य में संगठन को मजबूत करने और आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ जनमत तैयार करने के लिए एक व्यापक “बस यात्रा” निकालने की तैयारी में है। पार्टी की यह यात्रा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर करेगी और इसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हरी झंडी दिखाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस इस यात्रा को सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनसंपर्क अभियान के रूप में देख रही है। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि राज्य में कांग्रेस की एकजुटता और संगठनात्मक ताकत का संदेश जनता तक पहुंचे। इसी रणनीति के तहत राहुल गांधी भी पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बस में सफर करते नजर आ सकते हैं।
कांग्रेस का मानना है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ जनता के बीच कई मुद्दों को लेकर नाराजगी है। पार्टी इस यात्रा के दौरान भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और नशे की समस्या को प्रमुखता से उठाएगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह यात्रा 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस के लिए एक बड़े जन आंदोलन की शुरुआत साबित हो सकती है। राहुल गांधी की मौजूदगी से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ने की उम्मीद है, वहीं कांग्रेस राज्य में अपनी राजनीतिक जमीन को और मजबूत करने का प्रयास करेगी।
पंजाब कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इस यात्रा के माध्यम से पार्टी गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुनेगी तथा राज्य सरकार की नीतियों को लेकर लोगों के बीच अपना पक्ष मजबूती से रखेगी।
आने वाले दिनों में यात्रा के रूट, कार्यक्रम और तिथियों की औपचारिक घोषणा किए जाने की संभावना है।
