19 जुलाई को प्रयागराज आएंगे राहुल गांधी, छात्रों से करेंगे संवाद; प्रियंका गांधी का भी प्रस्तावित कार्यक्रम

प्रयागराज। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 जुलाई को प्रयागराज दौरे पर आएंगे। उनके साथ कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। राहुल गांधी यहां आयोजित होने वाले ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस पार्टी ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वी जोन प्रभारी राजेश तिवारी ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रयागराज आगमन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में हजारों की संख्या में प्रतियोगी छात्र शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का कार्यक्रम पहले 10 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसकी तिथि बढ़ाकर 19 जुलाई कर दी गई।

छात्रों के लिए शुरू होगा मिस्ड कॉल अभियान

राहुल गांधी के ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने विशेष रणनीति तैयार की है। छात्रों को कार्यक्रम से जोड़ने और उनका पंजीकरण कराने के लिए मिस्ड कॉल अभियान भी शुरू किया जा रहा है। इसके माध्यम से अधिक से अधिक छात्रों और युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले राहुल गांधी ने राजस्थान के कोटा में छात्रों के साथ संवाद किया था, जिसमें पेपर लीक, बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी। देशभर से आए छात्रों ने उस कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।

प्रचार-प्रसार अभियान तेज

कांग्रेस ने प्रयागराज में होने वाले छात्र संवाद कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। छात्र संवाद कार्यक्रम के समन्वयक अनिल यादव, विवेकानंद पाठक और कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी छात्रों एवं युवाओं के बीच लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जुटे हुए हैं।

सूत्रों के अनुसार, जुलाई के दूसरे सप्ताह में आयोजित होने वाला यह संवाद कार्यक्रम पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच जैसे अहम छात्र मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस युवाओं और छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *