देहरादून में आज छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, कोटा के बाद दूसरा बड़ा छात्र संवाद अभियान

देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में छात्रों और युवाओं के साथ “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में संवाद करेंगे। कोटा में आयोजित छात्र संवाद के बाद यह राहुल गांधी का दूसरा बड़ा छात्र संवाद अभियान माना जा रहा है, जिसमें शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे केंद्र में रहेंगे।

रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल मैदान में शाम 6 बजे से 8 बजे तक चलने वाले इस संवाद कार्यक्रम में राहुल गांधी युवाओं से सीधे बातचीत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, परीक्षा में धांधली, बेरोजगारी, शिक्षा में बढ़ती असमानता और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों पर चर्चा होगी। राहुल गांधी छात्रों के अनुभव सुनेंगे और उनके सवालों का जवाब भी देंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी दोपहर बाद 3:45 बजे चार्टर्ड विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह राजपुर रोड स्थित होटल हयात सेंट्रिक में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक के बाद वह शाम 6 बजे बन्नू स्कूल मैदान पहुंचकर छात्र-युवा संवाद में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात करीब 9 बजे वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में छात्रों एवं युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।

कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी लगातार शिक्षा, समान अवसर और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाते रहे हैं। पार्टी के अनुसार पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, बेरोजगारी और शिक्षा में बढ़ती असमानता के खिलाफ देशभर में युवाओं की आवाज़ बुलंद हो रही है। देहरादून का यह संवाद उसी अभियान का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिसके माध्यम से छात्रों की समस्याओं और सुझावों को सीधे सुनकर उन्हें राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *