क्या मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाएंगे नीतीश कुमार?

पटना: बिहार की सियासत में आज हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच सीएम आवास पर अहम बैठक जारी है। बैठक में जेडीयू के वरिष्ठ नेता संजय झा और विजय कुमार चौधरी भी मौजूद हैं।

राज्यसभा सूची में नाम संभव

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज शाम जारी होने वाली जनता दल (यूनाइटेड) (जेडीयू) की राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची में मुख्यमंत्री का नाम शामिल हो सकता है। बताया जा रहा है कि पार्टी शाम करीब 7 बजे तक अपने दो उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है।

हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि या खंडन नहीं किया गया है। लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि यदि नीतीश कुमार राज्यसभा का रुख करते हैं तो बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

निशांत कुमार के नाम की भी चर्चा

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार के नाम की भी चर्चा हो रही है। हालांकि वे अब तक सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए हुए हैं। ऐसे में यदि उनका नाम सामने आता है तो यह जेडीयू की रणनीति में बड़ा संकेत माना जाएगा।

संभावित राजनीतिक संदेश

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं, तो यह कदम राष्ट्रीय राजनीति में उनकी सक्रियता बढ़ाने की दिशा में अहम माना जाएगा। साथ ही, बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की संभावनाएं भी प्रबल हो सकती हैं।

फिलहाल सबकी नजरें जेडीयू की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। शाम तक स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *